खद्दर पंचायत में क्रिकेट ट्रॉफी का समापन, कृष्णानगर बनी विजेता
ग्राम पंचायत खद्दर के चकरोड मैदान में सुमति समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट ट्रॉफी का समापन वीरवार को धूमधाम से हुआ। इस समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जोगिंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के समाजसेवी केके सकलानी ने शिरकत की। समिति द्वारा मुख्य अतिथि का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में केके सकलानी ने आयोजन समिति व सभी युवा खिलाड़ियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि खेलकूद युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा भरते हैं और प्रतिभा को निखारने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर युवाओं को सही अवसर व सुविधा मिले तो वे क्षेत्र और देश का नाम ऊँचा कर सकते हैं। क्रिकेट ट्रॉफी के अंतिम दिन कुल 18 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के अंतर्गत त्रिवेणी महादेव बनाम कृष्णानगर के मैच में कृष्णानगर ने 8 रन से जीत दर्ज की। वहीं तुलाह बनाम मंगडोल मुकाबले में तुलाह ने 3 विकेटों से जीत हासिल की। फाइनल में ठारा व कृष्णानगर के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ जिसमें कृष्णानगर की टीम ने 5 रन से विजय प्राप्त की। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। स्थानीय ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।












