28 स्कूल सेंटर्स पर आयोजित हुई क्रैक एकेडमी की परीक्षा, कक्षा 6वीं से 12वीं तक के छात्रों ने लिया भाग
जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले द्रंग खंड में मंगलवार को क्रैक एकेडमी की प्रवेश परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। इस परीक्षा में कक्षा 6वीं से लेकर 12वीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक 28 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। इन केंद्रों में 25 सरकारी स्कूलों के अलावा 3 निजी विद्यालय भी शामिल रहे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल), जोगिंद्रनगर के प्रधानाचार्य आशीष कौरा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रवेश परीक्षा का उद्देश्य छात्रों की शैक्षणिक योग्यता का आकलन करना और उन्हें उच्च स्तरीय मार्गदर्शन प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि क्रैक अकैडमी द्वारा यह परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षा की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर उचित प्रबंध किए गए थे। संबंधित स्कूलों के स्टाफ सदस्यों की देखरेख में परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला और वे निर्धारित समय से पहले ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे। प्रधानाचार्य कौरा ने बताया कि परीक्षा परिणाम के आधार पर चयनित विद्यार्थियों को क्रैक अकैडमी की ओर से कोचिंग तथा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा, जिससे वे भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकें। इस पहल को क्षेत्र के शिक्षाविदों व अभिभावकों ने भी सराहा है। उनका मानना है कि इस तरह की अकादमिक गतिविधियों से ग्रामीण व दूरदराज क्षेत्रों के मेधावी छात्रों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। क्रैक अकैडमी की यह पहल न केवल छात्रों के भविष्य को दिशा देने का कार्य करेगी, बल्कि क्षेत्र की शैक्षणिक गुणवत्ता को भी सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगी।












