रखोटा में गऊशाला जलकर राख, लाखों का नुकसान
उपमंडल सरकाघाट की ग्राम पंचायत मुख्यालय रखोटा में शनिवार दोपहर को आग लगने से एक कच्ची गऊशाला जलकर राख हो गई। यह गऊशाला लज्जा देवी पत्नी गंगू राम की थी, जो उनके घर से कुछ दूरी पर स्थित है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक किसी को पता चला, तब तक गऊशाला पूरी तरह राख हो चुकी थी। हालांकि ग्रामीणों ने कड़ी मेहनत कर आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक घास और इमारती लकड़ी सहित अन्य सामान जल चुका था। सौभाग्यवश, गऊशाला में बंधे पशुओं को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया। पीड़ित लज्जा देवी अत्यंत गरीब हैं और इस नुकसान से गहरे आघात में हैं। उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। स्थानीय पंचायत प्रधान सुरेश कुमार सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र और उचित मुआवजा देने की मांग की है।












