महिला आरक्षण पर कांग्रेस का साफ रुख, भाजपा पर राजनीति का आरोप
जनगणना पूरी हुए बिना महिला आरक्षण बिल लाने का नहीं था औचित्य : विनय
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक विनय कुमार ने धर्मशाला में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि कांग्रेस पार्टी कभी भी महिला आरक्षण बिल के खिलाफ नहीं रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का विरोध केवल इस बात को लेकर था कि जब तक देश में पूरी तरह जनगणना संपन्न नहीं हो जाती, तब तक इस विधेयक को लाने का कोई औचित्य नहीं था ,विनय कुमार ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण बिल को लेकर राजनीति कर रही है और जनता के बीच झूठा भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संबोधनों में इस बिल के पास न होने का ठीकरा विपक्ष पर फोड़ रहे हैं, जबकि कांग्रेस पार्टी कभी भी महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं रही, न है और न ही आगे होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण का समर्थन करती है, लेकिन इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया का पूरा होना आवश्यक है। बिना इन प्रक्रियाओं के महिला आरक्षण लागू करने का प्रस्ताव केवल राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा जनता को गुमराह करने के लिए विपक्ष के खिलाफ झूठा प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं को राजनीति और सत्ता में उचित भागीदारी देने के पक्ष में है।
इस दौरान उन्होंने कांगड़ा में चल रहे कांग्रेस अधिवेशन का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल को राहुल गांधी कांगड़ा पहुंचेंगे और अधिवेशन में भाग लेंगे। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।












