नीति आयोग की बैठक में हिमाचल की आवाज उठाएंगे CM सुक्खू, PM मोदी के सामने रखेंगे RDG और ग्रीन बोनस की मांग
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज दिल्ली रवाना होंगे। दिल्ली में कल (11 जून) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। सीएम सुक्खू इस मीटिंग में शामिल होंगे।
इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे, जिसमें विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री विकास, वित्तीय सहायता और नीतिगत मुद्दों पर अपने सुझाव रखेंगे।
मुख्यमंत्री सुक्खू बैठक के दौरान हिमाचल प्रदेश से जुड़े कई अहम विषयों को केंद्र सरकार के समक्ष उठाएंगे। विशेष रूप से राज्य के लिए Revenue Deficit Grant (RDG) को जारी रखने और पहाड़ी राज्यों को ग्रीन बोनस प्रदान करने की मांग प्रमुखता से रखी जाएगी।
मुख्यमंत्री का कहना है कि हिमाचल प्रदेश देश के पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राज्य का बड़ा भूभाग वन क्षेत्र से आच्छादित है, जिससे विकास गतिविधियों पर कई प्रकार की सीमाएं रहती हैं। इसके बावजूद प्रदेश जल, जंगल और पर्यावरण संरक्षण में राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। ऐसे में हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों को ग्रीन बोनस दिया जाना चाहिए ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ विकास कार्यों को भी गति मिल सके।
बैठक में मुख्यमंत्री प्रदेश की वित्तीय स्थिति, आपदा प्रबंधन, आधारभूत ढांचे के विकास और केंद्र से मिलने वाली विभिन्न सहायता योजनाओं पर भी चर्चा करेंगे। माना जा रहा है कि नीति आयोग की इस बैठक में हिमाचल के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्र का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदेश सरकार को उम्मीद है कि RDG और ग्रीन बोनस जैसी मांगों पर सकारात्मक विचार होने से हिमाचल की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी तथा विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में सहायता प्राप्त होगी।






