नीरज भारती पर CM सुक्खू का पलटवार, बोले- नशेड़ी आदमी कोई स्टेटमेंट दे तो इसे सीरियसली नहीं लेना चाहिए
शिमला: हिमाचल कांग्रेस में जारी अंदरूनी विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। पूर्व सीपीएस और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज भारती के लगातार बयानों के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उन पर तीखा पलटवार किया है।
रविवार को सचिवालय में आयोजित एक बैठक के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने नीरज भारती के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए परोक्ष रूप से नीरज भारती को नशेड़ी कह दिया. रविवार को सीएम सुक्खू ने सचिवालय में एक बैठक के बाद नीरज भारती के बयानों को लेकर मीडिया के एक सवाल पर कहा कि नीरज भारती कोई मसला नहीं है, नशेड़ी आदमी कोई स्टेटमेंट दे तो उसे सीरियसली नहीं लेना चाहिए। मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है।
गौरतलब है कि नीरज भारती ने हाल ही में सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी संगठन और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कई पोस्ट साझा की थीं। इसके बाद कांग्रेस संगठन ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। हालांकि नोटिस का जवाब देने से पहले ही नीरज भारती ने पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।
बाद में कांग्रेस ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए नीरज भारती को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया। इसी दौरान उनका फेसबुक अकाउंट भी भारत में प्रतिबंधित हो गया, जिसके बाद उनकी प्रोफाइल भारतीय उपयोगकर्ताओं को दिखाई नहीं दे रही है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने भी सार्वजनिक रूप से अपने बेटे नीरज भारती के बयानों से दूरी बना ली थी। इसके जवाब में नीरज भारती ने भी अपने पिता की राजनीतिक यात्रा से स्वयं को अलग बताने का ऐलान किया था।
मुख्यमंत्री की ताजा टिप्पणी के बाद अब राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर चर्चा तेज हो गई है कि नीरज भारती की अगली प्रतिक्रिया क्या होगी और कांग्रेस नेतृत्व इस विवाद को किस तरह संभालता है। फिलहाल यह मामला प्रदेश की राजनीति का प्रमुख चर्चा विषय बना हुआ है।






