सीएम सुक्खू का विपक्ष पर हमला: 5000 करोड़ की रेवड़ियों को बताया कर्ज का कारण
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कसुम्प्टी विधानसभा क्षेत्र के चियोग और धरेच में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने चियोग बाजार में लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित पुल को जनता को समर्पित किया, जबकि धरेच में राज्य के पहले 500 किलोवाट सोलर पावर प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया।
चियोग में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने पूर्व भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने चुनावी लाभ के लिए करीब 5000 करोड़ रुपये की रेवड़ियां बांटीं, जिससे राज्य के आर्थिक संसाधनों का दुरुपयोग हुआ और कर्ज का बोझ बढ़ता गया। सीएम ने कहा कि भाजपा कार्यकाल में हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में नीचे गिरकर 21वें स्थान पर पहुंच गया था, जबकि उनकी सरकार ने सुधारों के बाद राज्य को क्वालिटी एजुकेशन में देश के टॉप 5 राज्यों में शामिल किया है।
1000 करोड़ की बिल्डिंग धूल फांक रही: CM
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पूर्व सरकार के दौरान बनी करीब 1000 करोड़ रुपये की इमारतें आज खाली पड़ी हैं, जो संसाधनों की बर्बादी का उदाहरण हैं। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर जीएसटी कंपनसेशन और 10 हजार करोड़ रुपये की रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट बंद करने को लेकर भी सवाल उठाए।
प्रदेश के पहले सोलर पावर प्रोजेक्ट का उद्घाटन
धरेच में शुरू की गई सौर ऊर्जा परियोजना को लेकर सीएम ने बताया कि 500 किलोवाट क्षमता वाली यह परियोजना प्रतिदिन लगभग 3000 यूनिट स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन करेगी और इससे ग्राम पंचायत को सालाना करीब 28 लाख रुपये की आय होगी। इसके तहत हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड इस बिजली को 3.50 रुपये प्रति यूनिट की दर से खरीदेगा।
चियोग स्कूल को सीबीएसई बनाने की घोषणा
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने चियोग स्कूल के भवन के लिए 5 करोड़ रुपये देने और अगले शैक्षणिक सत्र से वहां सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा की। साथ ही क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के विकास के लिए भी कई करोड़ रुपये की योजनाओं का ऐलान किया गया।












