सीएम सुक्खू का बड़ा बयान-पंचायत चुनावों में सभी को मिलेगा पूरा अधिकार, कांग्रेस नहीं करेगी हस्तक्षेप
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में पंचायत चुनावों को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसी बीच मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के ताज़ा बयान ने सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है। फतेहपुर दौरे के दौरान सीएम सुक्खू ने साफ संकेत दिए हैं कि राज्य में पंचायत चुनावों की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और अब आचार संहिता किसी भी समय लागू हो सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने जनता से जो भी वादे किए थे, उन्हें पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया गया है और अब लोकतांत्रिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का समय आ गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि चुनाव पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराए जाएंगे, ताकि जमीनी लोकतंत्र और मजबूत हो सके।
सभी को चुनाव लड़ने का हक, दखल नहीं देगी कांग्रेस
सीएम सुक्खू ने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी पंचायत चुनावों में किसी तरह के आधिकारिक उम्मीदवार घोषित नहीं करेगी और हर व्यक्ति को स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने का पूरा अधिकार होगा। कांग्रेस किसी का भी चुनाव लड़ने का अधिकार नहीं मारेगी। उनका कहना था कि पंचायत चुनाव पूरी तरह स्थानीय स्तर की लोकतांत्रिक प्रक्रिया है, जिसमें हर नागरिक को भागीदारी का अवसर मिलना चाहिए। पंचायत चुनाव स्थानीय स्तर के चुनाव होते हैं और इसमें हर व्यक्ति को अपनी भागीदारी का पूरा हक है। कोई भी चुनाव लड़ सकता है, कांग्रेस अपने उम्मीदवार घोषित नहीं करेगी और सभी को स्वतंत्र रूप से मैदान में उतरने का मौका दिया जाएगा।
विपक्ष पर साधा निशाना
वहीं विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सिर्फ मुद्दे बनाने में लगी रही, जबकि सरकार ने जमीन पर काम करके दिखाया है। उन्होंने दोहराया कि सरकार अपने वादों पर कायम है और विकास एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।












