स्वाभिमान मुक्ति दिवस में चमन राही को मिला विशेष सम्मान, हिमाचल में सम्मेलन की तैयारी
दिल्ली में हाल ही में आयोजित स्वाभिमान मुक्ति दिवस कार्यक्रम में अखिल भारतीय दलित, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग परिषद के महासचिव व राज्य प्रवक्ता चमन राही को विशेष सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान पाने वाले हिमाचल प्रदेश के वह पहले व्यक्ति बने हैं, जिससे प्रदेश के दलित, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों में विशेष हर्ष और गौरव की लहर है। सम्मान प्राप्ति के उपरांत चमन राही ने दिल्ली में पूर्व मंत्री डॉ. राजेंद्र पाल गौतम से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने उन्हें हिमाचल प्रदेश में सेंट्रल जोन स्तर पर प्रस्तावित दलित, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों के सम्मेलन के आयोजन के लिए औपचारिक आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा और इन समुदायों के अधिकारों की आवाज को सशक्त रूप देगा।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों से हुई विशेष चर्चा
चमन राही ने इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल प्रमुख नेताओं से भी सम्मेलन को लेकर विचार-विमर्श किया। इनमें एस.पी. सिंह लबाना, राष्ट्रीय कोर्डिनेटर, डीएनटी टास्क फोर्स, एससी विभाग, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सुरेंद्र सिंह लबाना सामाजिक कार्यकर्ता हरियाणा, अशोक बरतिया सामाजिक कार्यकर्ता, राजेश राठौड़ समाजसेवी व एडवोकेट सतीश सांशी शामिल थे। सभी नेताओं ने हिमाचल प्रदेश में प्रस्तावित सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया समा
समारोह में बंजारा समुदाय एवं नाथ सपेरा समुदाय द्वारा पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जो आकर्षण का केंद्र रहे। इन समुदायों ने चमन राही के आमंत्रण पर हिमाचल में आयोजित होने वाले सम्मेलन में भाग लेने की सहमति दी और उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया। चमन राही ने कहा कि
यह कार्यक्रम न केवल ऐतिहासिक विरासत की स्मृति है, बल्कि सामाजिक न्याय की दिशा में एक सार्थक पहल भी है। चमन राही द्वारा प्रस्तावित सम्मेलन हिमाचल प्रदेश में दलित, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों के सशक्तिकरण के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करेगा।












