बिलासपुर में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी: 2 की मौ.त, 15 घायल, 3 की हालत गंभीर
बिलासपुर/हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि 15 घायल हो गए। यह हादसा बिलासपुर और हमीरपुर जिले की सीमा पर स्थित दियोटसिद्ध-शाहतलाई मार्ग पर शाहतलाई के समीप रात करीब 10 बजे हुआ, जब श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
जानकारी के अनुसार बस में 35 श्रद्धालु सवार थे, जो पंजाब के अमृतसर से बाबा बालकनाथ के दर्शन के लिए दियोटसिद्ध आए थे। दर्शन करने के बाद सभी श्रद्धालु शाहतलाई की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
उपचार के दौरान दो श्रद्धालुओं ने तोड़ा दम
हादसे के बाद सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल बड़सर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। वहीं, तीन श्रद्धालुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। इनमें से एक घायल को पीजीआई चंडीगढ़ और दो को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर किया गया है। इसके अलावा चार श्रद्धालुओं का इलाज बड़सर अस्पताल में जारी है, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों ने दिखाई मानवता
बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के स्थानीय लोग तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। लोगों ने बिना देर किए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके साथ ही स्थानीय टैक्सी चालकों ने भी मानवता का परिचय देते हुए अपने निजी वाहनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
सूचना मिलते ही दियोटसिद्ध पुलिस चौकी, शाहतलाई पुलिस चौकी और बड़सर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान, बड़सर की एसडीएम स्वाति डोगरा, बाबा बालकनाथ मंदिर अधिकारी राकेश कुमार तथा बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत कार्यों का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है तथा उनके परिजनों को भी सूचना दी जा रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह बस के अनियंत्रित होकर पलटने को माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।






