मंडी जिला दौरे पर होंगे तो बोर्ड अध्यक्ष का घेराव तय – भूपेंद्र सिंह
सीटू से संबंधित मनरेगा एवं निर्माण मजदूर यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मजदूरों की चार साल से लंबित सहायता राशि जारी नहीं की गई, तो बोर्ड अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर के मंडी जिले के दौरे पर उनका घेराव और काले झंडे दिखाने का अभियान शुरू किया जाएगा। यूनियन ने पहले ही हमीरपुर में राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड के मुख्यालय पर चेयरमैन और सचिव का घेराव कर अपना विरोध जताया था और एक लाख से अधिक मजदूरों की 500 करोड़ की सहायता जारी करने की मांग की थी। सीटू जिला प्रधान और बोर्ड सदस्य भूपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि मजदूरों की मदद जानबूझकर रोकी जा रही है और मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। मंडी जिले के 35,000 क्लेम पेंडिंग हैं, इसके बावजूद वास्तविक मजदूरों का भी वेरिफिकेशन करवाकर लाभ रोका जा रहा है। यूनियन ने साफ किया कि अब चेतावनी का समय खत्म हो चुका है, और यदि मांगे नहीं मानी गईं, तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।












