आपदा में जयराम ठाकुर के योगदान को भाजयुमो ने सराहा, राजस्व मंत्री पर साधा निशाना
सराज विधानसभा क्षेत्र इन दिनों भीषण प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है और हजारों लोग अपने घरों से उजड़ चुके हैं। ऐसे समय में प्रदेश सरकार के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा दिए गए बयान— "जूते में चुभन हुई तो दर्द महसूस हुआ"—ने राजनीतिक और जनभावनाओं को आहत कर दिया है। इस पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता चंदन पंडित ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बयान असंवेदनशील, अमर्यादित और आपदा से जूझ रही जनता का अपमान है। उन्होंने कहा कि सराज के विधायक व पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आपदा की प्रथम सूचना मिलते ही सबसे पहले प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे और प्रशासन व जनता के बीच सेतु बनकर राहत कार्यों को गति दी, जबकि सत्तापक्ष के मंत्री केवल ब्यानबाज़ी तक सीमित रह गए हैं। चंदन पंडित ने कहा कि ऐसी स्थिति में जब हर हाथ मदद के लिए बढ़ना चाहिए, सत्ता में बैठे लोग व्यंग्यबाण चला रहे हैं जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।












