मंडी: कैंची मोड़ पर धंसी सड़क को लेकर भाजपा का प्रदर्शन, शीघ्र बहाली की मांग तेज
लोकनिर्माण विभाग पर लापरवाही के आरोप, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
अनंत ज्ञान टीम, मंडी/धर्मपुर
धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कैंची मोड़ के समीप धंसी सड़क को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने लोकनिर्माण विभाग मंडल धर्मपुर कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सड़क को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग उठाई। इस प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य रजत ठाकुर ने किया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकाघाट-धर्मपुर मार्ग पर सड़क धंसने से क्षेत्र की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है, जिससे आम जनता, स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन विभाग द्वारा अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई जा रही। रजत ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र की सड़कों की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और संबंधित विभाग इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा, जिसके चलते लोगों में रोष बढ़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भाजपा स्थानीय जनता के साथ मिलकर बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी, जिसमें चक्का जाम जैसे कड़े कदम भी उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी मांग की कि सड़क के डंगे को नुकसान पहुंचाने के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
वहीं, धरने में शामिल स्थानीय लोगों ने भी अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क बाधित होने से उनका दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
उधर, लोकनिर्माण विभाग मंडल धर्मपुर के अधिशाषी अभियंता ई अशुंमन सोनी ने बताया कि विभाग द्वारा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस थाना धर्मपुर में शिकायत दर्ज करवाई गई है और सड़क की बहाली का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी सुनिश्चित की गई है, जिससे लोगों को राहत मिल सके।












