कांगड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4 किलो से ज्यादा चरस बरामद, कुल्लू के दो तस्कर गिरफ्तार
धर्मशाला। जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ जारी विशेष अभियान के अन्तर्गत एक और बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। जिला कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम ने गश्त के दौरान कुल्लू जिला के दो तस्करों के कब्जे से 4 किलो 40 ग्राम चरस की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पुलिस थाना पंचरुखी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि पुलिस थाना पंचरुखी की टीम जब गश्त पर थी तो गुप्त सूचना के आधार पर आल्टो के-10 कार नम्बर एचपी01एए-0965 में चरस की खेप लाई जा रही है। कार में सवार गोपाल पुत्र राजेन्द्र कुमार, निवासी गांव खून्न, तहसील आनी, जिला कुल्लू, उम्र 24 वर्ष तथा सुरेन्द्र कुमार पुत्र स्व. धनी राम, निवासी गांव डगूट, डाकघर जौऊ, तहसील आनी, जिला कुल्लू, उम्र 37 वर्ष को तलाशी के लिए रोका गया तो उनके कब्जे से 4 किलो 40 ग्राम चरस बरामद हुई।
जिस पर उपरोक्त दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया तथा इसके विरुद्ध पुलिस थाना पंचरूखी में मामला दर्ज किया गया है। उक्त आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्यवाही नियमानुसार प्रगति पर है।












