ब्यास व्यू मॉडल स्कूल बग्गी ने स्वाते फ्रेंच किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप में दिखाया दम, जीते 13 पदक
घास्णु में आयोजित स्वाते फ्रेंच किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2025 में ब्यास व्यू मॉडल स्कूल, बग्गी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर उपविजेता का खिताब हासिल किया। इस प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, घास्णु में किया गया, जिसमें स्कूल के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने कुल 13 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में 6 स्वर्ण, 6 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर ब्यास व्यू मॉडल स्कूल ने अपनी प्रतिभा और अनुशासन का परिचय दिया। स्वर्ण पदक जीतने वालों में हिमेश, आरव, कुणाल, लक्ष्य, नाभ्य और गीतिका शामिल रहे। वहीं तरुण, शौर्य, समर, आदित्य, साक्षी और पीयूष ने रजत पदक जीते। यज्ञ ने कांस्य पदक जीतकर स्कूल की पदक सूची में योगदान दिया। इस सफलता पर विद्यालय प्रबंधन, स्टाफ और अभिभावकों में गर्व की लहर दौड़ गई। विद्यालय के अध्यक्ष नरेंद्र वालिया, प्रधानाचार्या कुसुम नेगी और उप प्रधानाचार्य विजय कुमार ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं दीं और समर्पित कोच व स्टाफ को उनके मार्गदर्शन और मेहनत के लिए धन्यवाद दिया। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को छात्रों की कड़ी मेहनत और टीम भावना का परिणाम बताया है।












