नीरज भारती विवाद के बाद कांग्रेस सख्त, नेताओं की मीडिया और सोशल मीडिया पर बयानबाजी पर रोक
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में चल रहे आंतरिक सियासी घमासान के बीच पार्टी ने अनुशासनहीनता पर कड़ा रुख अपनाते हुए नेताओं की मीडिया और सोशल मीडिया पर सार्वजनिक बयानबाजी पर रोक लगा दी है। पूर्व विधायक और कृषि मंत्री चंद्र कुमार के बेटे नीरज भारती की लगातार बयानबाजी से उपजे विवाद के बाद मंगलवार को शिमला स्थित राजीव भवन में कांग्रेस अनुशासन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने की। बैठक में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, विधायक आशीष बुटेल, विधायक हरदीप सिंह बाबा, विधायक अनुराधा राणा, कांग्रेस महासचिव विनोद जिंटा, अमित नंदा सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कुलदीप राठौर ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस संगठन में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो लोग पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक मर्यादाओं के खिलाफ काम कर रहे हैं, उन्हें कांग्रेस में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने दो टूक कहा कि अब कोई भी नेता मीडिया या सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन और सरकार के खिलाफ बयानबाजी नहीं करेगा।
राठौर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई नेता पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन की एकता और अनुशासन बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।
दरअसल, यह पूरा विवाद पूर्व विधायक नीरज भारती द्वारा सरकार और कांग्रेस संगठन पर लगातार किए जा रहे हमलों के बाद शुरू हुआ। नीरज भारती ने सोशल मीडिया के माध्यम से कई बार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, सरकार और संगठन के खिलाफ बयान दिए थे, जिसके बाद उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। बाद में उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा भी दे दिया, लेकिन इसके बावजूद उनकी बयानबाजी जारी रही।
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि सार्वजनिक मंचों पर लगातार हो रही बयानबाजी से संगठन की छवि प्रभावित हो रही है। यही कारण है कि अनुशासन समिति ने अब सख्त संदेश देते हुए मीडिया और सोशल मीडिया पर अनियंत्रित बयान देने पर पूरी तरह रोक लगाने का फैसला किया है। राजनीतिक गलियारों में इस निर्णय को कांग्रेस संगठन में अनुशासन और एकजुटता बनाए रखने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।






