अटल आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय ने मनाया सातवां स्थापना दिवस
जिला मंडी के नेरचौक स्थित अटल आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय के सातवें स्थापना दिवस के अवसर पर धनोटू में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रोफेसर सुरेंद्र कश्यप ने की। कार्यक्रम में जे.ओ.ए. आई.टी देशराज को विश्वविद्यालय के बेस्ट एम्पलाई ऑफ़ द ईयर के खिताब से सम्मानित किया गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। प्रोफेसर सुरेंद्र कश्यप ने कहा कि इस विश्वविद्यालय की स्थापना हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साईंसेस एक्ट 2017 के अंतर्गत की गई। यह विश्वविद्यालय चिकित्सा संबंधित परीक्षाओं के आयोजन, विभिन्न कॉलेजों की मान्यता और विभिन्न कोर्सों के संबंधित कार्यों में सम्मिलित हैं। यह विश्वविद्यालय एमबीबीएस, बीएएमएस, बीडीएस, बीएचएमएस, एमडी/एमएस, बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पैरामेडिकल आदि कोर्सों की परीक्षाओं, काऊंसलिंग व मान्यता प्रक्रिया से संबंधित कार्य करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चिकित्सा के क्षेत्र में विकास के लिए अनेकों कार्य कर रही है। कोरोना काल में इस विश्वविद्यालय के अधिकारी व कर्मचारियों ने बहुत अहम भूमिका निभाई है। विश्वविद्यालय में अधिकतर कार्य पेपरलेस तरीके से किया जा रहा है और विश्वविद्यालय के सभी कार्यों को ऑनलाइन करने का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि जल्द ही विश्वविद्यालय में नए रोजगार के अवसर, रिसर्च सेंटर, टीचर ट्रेनिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे इस भाव से कार्य करें कि यह विश्वविद्यालय हमारा है तभी विश्वविद्यालय तरक्की की ओर अग्रसर हो पाएगा। महिला सशक्तिकरण पर कहा कि महिला हर क्षेत्र में बराबर का हक रखती है। महिलाओं को भी अपने आप को कम न आंकते हुए हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। इससे पहले विश्वविद्यालय के पंजीयक गिरीश समरा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और बताया कि पहली बार अटल आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर डॉ. प्रवीण शर्मा, प्रधानाचार्य डी.के. वर्मा, विनय अवस्थी, विजय पाल, तन्वी समरा सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।












