हिमाचल हैंडबॉल संघ की वार्षिक बैठक व चुनाव 20 जुलाई को
सुंदरनगर में आगामी 20 जुलाई को हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल संघ की वार्षिक आम बैठक एवं चुनाव आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी महासचिव नंदकिशोर शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि भारतीय हैंडबॉल संघ और राज्य युवा सेवाएं एवं खेल विभाग से मान्यता प्राप्त यह संघ वर्ष 1978 से प्रदेश में सक्रिय है। अब तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में दस राष्ट्रीय स्तर की हैंडबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा चुकी हैं। प्रदेश संघ द्वारा चयनित टीमों ने राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है और कई खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है। प्रदेश में वर्तमान में दस जिला हैंडबॉल संघ कार्यरत हैं जो हिमाचल प्रदेश सोसायटी पंजीकरण अधिनियम-2006 के अंतर्गत पंजीकृत हैं तथा जिला युवा सेवाएं एवं खेल कार्यालय से मान्यता प्राप्त हैं। चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मंडी बार एसोसिएशन के अधिवक्ता करणवीर को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। चुनाव में प्रत्येक जिला संघ से दो प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिनमें से ही प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। प्रदेश संघ की कार्यकारिणी में पचास प्रतिशत सदस्य ऐसे होंगे जिन्होंने कम से कम राज्य स्तर पर हैंडबॉल खेला हो जबकि पच्चीस प्रतिशत आरक्षण महिला भागीदारी के लिए रखा गया है। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया और राज्य खेल विभाग के पर्यवेक्षक उपस्थित रहेंगे।












