शिमला: ठियोग में सरकारी टीचर ने ढाई साल के मासूम को जड़ा थप्पड़, पिता ने शिक्षा मंत्री और सीएम पोर्टल पर की शिकायत
शिमला। मासूम बचपन की मासूमियत जब डर में बदल जाए, तो सवाल सिर्फ एक घटना का नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था का बन जाता है। ठियोग के चियोग क्षेत्र से सामने आई एक ऐसी ही दिल दहला देने वाली घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
यहां एक सरकारी स्कूल में तैनात शिक्षक पर महज ढाई साल के मासूम बच्चे को थप्पड़ मारने का गंभीर आरोप लगा है। बच्चे के पिता गोपाल शर्मा ने इस मामले को लेकर शिक्षा मंत्री और सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायत के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को स्कूल में यह घटना सामने आई, जहां शिक्षक कर्मचारी ने कथित तौर पर मासूम के साथ मारपीट की। पिता का कहना है कि इस घटना के बाद उनका बच्चा बुरी तरह सहम गया है और मानसिक रूप से भी प्रभावित हुआ है।
उन्होंने इस कृत्य को न सिर्फ अमानवीय बताया, बल्कि कानून का खुला उल्लंघन भी करार दिया। गौरतलब है कि शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत स्कूलों में किसी भी प्रकार का शारीरिक दंड पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद ऐसी घटनाओं का सामने आना शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
अभिभावक ने अपनी शिकायत में निष्पक्ष जांच, आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और स्कूल में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि मामले से जुड़े साक्ष्य विभाग को सौंपे गए हैं।
फिलहाल शिक्षा विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इस मासूम के साथ हुए कथित अत्याचार पर प्रशासन कब जागेगा और क्या कार्रवाई करता है।












