विधानसभा क्षेत्र के सभी बीएलओ छूटे हुए मतदाताओं की सूचियां करें तैयार : मनीश चौधरी
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत जोगिंद्रनगर विधानसभा सभा निर्वाचन क्षेत्र में सभी बीएलओ को छूटे हुए मतदाताओं की सूची तैयार करने के लिए निर्वाचक अधिकारी व एसडीएम जोगिंद्रनगर ने निर्देश दिए। इस विषय पर मिनी सचिवालय के सभागार में विधानसभा क्षेत्र के सभी बीएलओ के साथ एक बैठक का आयोजन किया गया। निर्वाचन सहायक मोहन सिंह ने कहा कि निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने क्षेत्र में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण करते हुए ऐसे सभी पात्र नागरिकों की पहचान करें, जो किसी कारणवश अभी तक मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं हो पाए हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चुनावों को निष्पक्ष, पारदर्शी और समावेशी बनाने के लिए यह आवश्यक है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने बीएलओ को कहा कि छूटे हुए मतदाता व शादी तथा मृत्यु सबंधित रिकॉर्ड के संबंध में संबंधित पंचायत सचिव से जांच पड़ताल करें ताकि एक भी मतदाता न छूटे। साथ ही उन्होंने कहा कि छूटे हुए मतदाता के नामों की सूची तैयार करें ताकि उनसे फॉर्म-6 व 7 भरवाकर समय पर मतदाता सूची को दुरुस्त कर सकें।












