हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, इन HAS अधिकारियों को मिलीं नई जिम्मेदारियां
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए कई एचएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जारी आदेशों के तहत कुछ अधिकारियों को उनके वर्तमान पदों के साथ अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है, जबकि कुछ की नई तैनाती की गई है।
शरवण कुमार इस समय राज्य नागरिक आपूर्ति निगम शिमला में कार्यकारी निदेशक के पद पर तैनात हैं। उन्हें राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड शिमला में निदेशक (कार्मिक एवं वित्त) का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। वहीं जगन ठाकुर हिमफेड शिमला में प्रबंध निदेशक हैं और अब बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण (बीबीएनडीए) बद्दी, जिला सोलन में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
अनिल कुमार वर्तमान में राज्य सरकार में अतिरिक्त सचिव (राजस्व) हैं और अतिरिक्त सचिव (शिक्षा) का कार्य भी देख रहे हैं। अब वह निदेशक एस्टेट्स का अतिरिक्त दायित्व भी सम्भालेंगे। अनुपम कुमार डॉ. राधा कृष्णन सरकारी मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में अतिरिक्त निदेशक के पद पर कार्यरत थे और तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर के रजिस्ट्रार का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे। अब उन्हें इसी विश्वविद्यालय का रजिस्ट्रार नियमित आधार पर नियुक्त किया गया है।
डॉ. (मेजर सेवानिवृत्त) अवनिंदर कुमार अब तक तैनाती की प्रतीक्षा में थे। उन्हें डॉ. राधा कृष्णन सरकारी मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में अतिरिक्त निदेशक के पद पर नियुक्त किया गया है। भानु गुप्ता के पहले आदेश निदेशक एस्टेट्स के पद के लिए थे, लेकिन अब उन्हें संयुक्त निदेशक, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन शिमला के रूप में तैनात किया गया है।
प्रिया नागटा बीबीएनडीए बद्दी में संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं और फिलहाल मातृत्व अवकाश पर हैं। अवकाश पूरा होने के बाद उन्हें कार्मिक विभाग (पूल) सचिवालय शिमला में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। यह सभी आदेश मुख्य सचिव संजय गुप्ता की ओर से जारी किए गए हैं और तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।












