भट्ठा हादसे के बाद हरकत में आया प्रशासन, सूखे पेड़ों के निरीक्षण के निर्देश, वन विभाग ने एसडीएम जोगिंद्रनगर को सौंपी रिपोर्ट
उपमंडल जोगिंद्रनगर के तहत भट्ठा क्षेत्र में हाल ही में हुई दर्दनाक घटना, जिसमें एक सूखा पेड़ गिरने से स्कूटी सवार युवक की जान चली गई, ने प्रशासन और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम जोगिंद्रनगर ने वन विभाग को हादसे की जगह पर मौजूद पेड़ों की स्थिति की रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए थे। वन मंडल अधिकारी अश्विनी शर्मा ने बताया कि उन्हें एसडीएम कार्यालय से पत्र प्राप्त हुआ था, जिसमें भट्ठा में हादसे के स्थल का निरीक्षण करने और पेड़ों की स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर देने को कहा गया था। निर्देशों के अनुसार, वन विभाग की एक टीम को रेंज अफसर के नेतृत्व में मौके पर भेजा गया। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि घटनास्थल के आसपास पॉपुलर प्रजाति के लगभग 15 पेड़ मौजूद हैं। इनमें से कुछ पेड़ सूखे हुए पाए गए, जिनमें से एक अचानक गिर गया और स्कूटी सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टीम ने मौके पर पेड़ों की स्थिति का पूरी तरह से मूल्यांकन कर रिपोर्ट तैयार की, जिसे वन मंडल अधिकारी ने एसडीएम को भेज दिया है। अश्विनी शर्मा ने बताया कि विभाग ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए त्वरित कार्रवाई की है और अब अगली प्रक्रिया एसडीएम के निर्देशों पर निर्भर करेगी। यदि प्रशासन की ओर से सूखे या खतरनाक पेड़ों को हटाने के आदेश दिए जाते हैं, तो वन विभाग आवश्यक कार्रवाई करेगा।












