रामपुर में दिनदहाड़े लूट: पैदल जा रही महिला से पर्स छीनकर आरोपी फरार
शिमला। मंदिर जाने के लिए पैदल रास्ता तय कर रही एक महिला से सुनसान जगह पर पर्स छीनने का मामला सामने आया है। महिला के मुताबिक, उसके साथ चल रहे एक व्यक्ति ने अचानक मौका पाकर पर्स छीना और धक्का देकर भाग गया। महिला ने शोर मचाया, लेकिन आसपास से गुजर रहे किसी ने वाहन नहीं रोका, जिससे आरोपी मौके से फरार हो गया।
यह घटना शिमला ज़िले के रामपुर क्षेत्र की है, जहां मंगलवार को इस सम्बंध में थाना रामपुर में मामला दर्ज किया गया। शिकायत कोलकाता निवासी 54 वर्षीय गुंजन कनोडिया ने दी है, जो शरायकोटी माता मंदिर के लिए तकलेच की ओर जा रही थीं।
शिकायत के अनुसार महिला ने रास्ते में एक बोलेरो कैंपर (HP92-2931) में लिफ्ट ली थी, जिसमें ड्राइवर के अलावा एक पुरुष और एक लड़की भी सवार थे। तकलेच के पास गाड़ी आगे न जाने के कारण ड्राइवर ने तीनों को सेरी नामक स्थान पर उतार दिया और वापस लौट गया, जबकि लड़की अपने गांव की ओर चली गई। इसके बाद महिला और वह पुरुष पैदल आगे बढ़ने लगे।
महिला का कहना है कि सड़क किनारे पानी के एक स्रोत के पास उस व्यक्ति ने उनका पर्स छीन लिया और उन्हें धक्का देकर गांव की ओर भाग गया। पर्स में मोबाइल फोन, चार्जर, प्लग, डायरी, आधार कार्ड की कॉपी और करीब 6000 रुपये नकद थे। महिला ने बताया कि आरोपी करीब 40 साल का अनजान व्यक्ति है, जिसे वह सामने आने पर पहचान सकती हैं।
घटना के बाद महिला ने पुलिस के साथ आसपास के गांवों सेरी, अनुराक्षी और जोगनी में आरोपी की तलाश भी की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304 (2) के तहत मामला दर्ज किया है।












