हिमाचल के 7 स्कूल बने पर्यावरण संरक्षण की मिसाल, जीता ग्रीन अवार्ड
शिमला। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के सात स्कूलों को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए मुख्यमंत्री ग्रीन स्कूल्स प्रोग्राम (GSP) रोलिंग ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। राजधानी शिमला के रिज मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पुरस्कार प्रदान किए। साथ ही चंबा जिले को राज्य का सर्वश्रेष्ठ ग्रीन जिला घोषित किया गया।
पुरस्कार विजेता स्कूलों में चंबा का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चनेड़ (न्यूकमर अवार्ड), सोलन का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ओच्छघाट (चेंजमेकर अवार्ड), बी.एल. सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुनिहार (एयर मैनेजर अवार्ड), राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रथा (एनर्जी मैनेजर अवार्ड), कांगड़ा का राजकीय प्राथमिक विद्यालय बांदोल (लैंड मैनेजर अवार्ड), चंबा का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय होबार (वाटर-वाइज अवार्ड) और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खरगाट (वेस्ट वॉरियर अवार्ड) शामिल हैं।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल उत्तर भारत के “फेफड़ों” की तरह है और पर्यावरण संरक्षण में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अधिक पेड़ लगाने, पानी बचाने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील की।
सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE) के अनुसार वर्ष 2025-26 के ग्रीन स्कूल्स प्रोग्राम ऑडिट में हिमाचल के 321 स्कूलों ने भाग लिया, जिनमें से 35 स्कूलों को ग्रीन रेटिंग प्राप्त हुई।






