मंडी: पुंघ फोरलेन पर पुलिस का शिकंजा, वोल्वो बस में युवक-युवती से 143 ग्राम चिट्टा बरामद
सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ मंडी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वोल्वो बस से 143.180 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में जिला कुल्लू के एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम पुंघ फोरलेन क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान बिलासपुर से मंडी की ओर आ रही एक वोल्वो बस को जांच के लिए रोका गया। बस की तलाशी के दौरान दो यात्रियों के पास से 143.180 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हनीश ठाकुर निवासी जिला कुल्लू तथा अंशिता नेगी निवासी मनाली, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पुलिस थाना सुंदरनगर में एफआईआर संख्या 172/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 एवं 29 में मामला दर्ज किया है।
पुलिस बुधवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश करेगी। साथ ही मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि मंडी पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून के अनुसार किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं भी नशा तस्करी या मादक पदार्थों की गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के जाल से बचाया जा सके।






