शिमला में 10वीं की छात्रा पर पत्थर से हमला, सिर-चेहरे पर गंभीर चोटें-आरोपी फरार
शिमला। राजधानी शिमला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। संजौली के पास बड़फर गांव में एक 10वीं कक्षा की छात्रा पर दिनदहाड़े हुए हमले ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक यहां 10वीं कक्षा की एक छात्रा पर एक युवक ने अचानक पत्थर से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के तुरंत बाद घायल छात्रा को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि हमले में छात्रा के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, छात्रा अपने घर के पास ही मौजूद थी, तभी अचानक आरोपी युवक ने उस पर पत्थरों से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। वहीं घटना के बाद बड़फर गांव में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग उठाई है।
लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं अब इलाके में डर का माहौल पैदा कर रही हैं, जिससे बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। एक स्थानीय महिला ने कहा कि पहले कभी ऐसी घटनाएं नहीं होती थीं, लेकिन अब बच्चों को बाहर भेजने में भी डर लगने लगा है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही जिला मंडी में कॉलेज छात्रा सिया की दराट से हमला कर हत्या की घटना ने प्रदेश को झकझोर दिया था, और अब शिमला की यह घटना लोगों की चिंता और बढ़ा रही है।
उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।












