वीरभद्र सिंह जयंती पर श्रद्धांजलि, डॉ. राकेश धरवाल ने बताया आधुनिक हिमाचल का निर्माता
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती के अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव डॉ. राकेश धरवाल और स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर डॉ. राकेश ने उन्हें आधुनिक हिमाचल का निर्माता और विकास पुरुष बताते हुए उनके योगदान को याद किया। डॉ. राकेश ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने छह बार प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया और केंद्र सरकार में भी विभिन्न महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ऐसे नेता थे जो बिना किसी भेदभाव के पूरे प्रदेश के संतुलित और समावेशी विकास में विश्वास रखते थे। वीरभद्र सिंह ने सद्भावना और समानता के साथ आम जनता की समस्याएं सुनीं और उनका त्वरित समाधान किया। उनकी विकास की सोच आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत बनी रहेगी," डॉ. राकेश ने कहा। उन्होंने आगे कहा कि हिमाचल प्रदेश की नींव भले ही डॉक्टर वाईएस परमार ने रखी, लेकिन वीरभद्र सिंह ने उस नींव पर विकास का ऐसा ढांचा खड़ा किया जिसे आज पूरा प्रदेश गर्व से देखता है। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने देश के कई प्रधानमंत्रियों के साथ मिलकर प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। इस मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी वीरभद्र सिंह जी के कार्यों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।












