वन अधिकार अधिनियम 2006 को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
विधायक धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र चंद्रशेखर की अध्यक्षता में बुधवार को वन अधिकार अधिनियम 2006 को लेकर एक बैठक व प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर सभागार व जल शक्ति विभाग निरीक्षण कुटीर बरोटी में किया गया। इस दौरान एसडीएम धर्मपुर स्वाति डोगरा भी उपस्थित रहीं। कार्यशाला में वन अधिकार अधिनियम - 2006 के तहत उपमंडल धर्मपुर की पंचायतों के अधीन आने वाली वन अधिकार समिति (एफआरसी) के प्रधान, सचिव व सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यशाला में विधायक ने उपस्थित लोगों की वन अधिकार अधिनियम 2006 संबंधित पहलुओं पर चर्चा की तथा शंकाओं को भी दूर किया। विधायक ने कहा कि वन अधिकार अधिनियम को सुचारू तौर पर क्रियान्वित करने के लिए राज्य सरकार ने ऐतिहासिक पहल की है इससे पात्र लोगों को उनका मालिकाना हक मिलेगा। साथ ही विभिन्न स्तरों पर जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित करने से अधिकारियों के साथ साथ आम जनमानस को वन अधिकार अधिनियम की जानकारी मिलेगी। इससे सामुदायिक कार्यों इत्यादि को भी गति मिलेगी। इस मौके एसडीएम धर्मपुर स्वाति डोगरा ने वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत व्यक्तिगत व सामाजिक दावों को पेश करने के लिए भरे जाने वाले फॉर्म के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यशाला के दौरान तहसीलदार धर्मपुर रमेश कुमार, नायब तहसीलदार मण्डप ओम शिखा, वन परिक्षेत्र अधिकारी धर्मपुर पवन कुमार, कार्यकारी खंड विकास अधिकारी बालम राम, समस्त वन अधिकार समिति के प्रधान, सचिव एवं सदस्य, प्रधान, तकनीकी सहायक, ग्राम रोजगार सेवक, कानूनगो व पटवारी शामिल रहे।












