वन मित्रों के लिए लडभड़ोल में सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, वन संरक्षण और प्रबंधन की बारीकियों से होंगे अवगत, व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष जोर
वन परिक्षेत्र लडभड़ोल में नवनियुक्त वन मित्रों के लिए सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत बुधवार को हुई। यह प्रशिक्षण 1 मई से 7 मई तक चलेगा, जिसका उद्देश्य वन मित्रों को वन संरक्षण, प्रबंधन और जंगल से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए जरूरी ज्ञान और कौशल प्रदान करना है।
इस अवसर पर वन मंडलाधिकारी जोगिंदरनगर अश्वनी शर्मा ने वन मित्रों को संबोधित करते हुए कहा, "वन मित्र, वन विभाग और स्थानीय समुदायों के बीच एक मजबूत कड़ी का कार्य करते हैं। उनका प्रशिक्षित होना वनों की सुरक्षा और संवर्धन के लिए अत्यंत आवश्यक है।" उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण न केवल उन्हें उनके कर्तव्यों के प्रति सजग करेगा, बल्कि उन्हें जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्य के लिए भी तैयार करेगा। वन परिक्षेत्र अधिकारी लडभड़ोल मोनिका ने प्रशिक्षण के व्यावहारिक पक्षों को रेखांकित करते हुए कहा, "हमने एक व्यापक प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार किया है, जिसमें सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ फील्ड अभ्यास भी शामिल हैं। वन्यजीव प्रबंधन, आग से बचाव, नर्सरी तकनीक जैसे विषयों की गहन जानकारी दी जा रही है ताकि वन मित्र किसी भी परिस्थिति में आत्मनिर्भर होकर कार्य कर सकें।" यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अनुभवी वन खंड अधिकारियों और वन रक्षकों की देखरेख में चल रहा है, जो प्रशिक्षणार्थियों को हर आवश्यक विषय पर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। कार्यक्रम का समापन 7 मई को होगा, जिसमें प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।












