टिहरा क्षेत्र में विशाल तिरंगा यात्रा के माध्यम से भारतीय सेना के पराक्रम को किया नमन, देशभक्ति के नारों से गुंजायमान हुआ पूरा क्षेत्र
हाल ही में भारतीय सेना द्वारा आतंकवाद के विरुद्ध की गई निर्णायक कार्रवाई और पाकिस्तान के खिलाफ दिखाए गए पराक्रम के समर्थन में देशभर में चल रही तिरंगा यात्राओं की श्रृंखला में टिहरा क्षेत्र भी पीछे नहीं रहा। आज टिहरा क्षेत्र में मॉडल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन देवधार (टिहरा) और सरस्वती विद्या मंदिर लगयार (टिहरा) के स्कूली बच्चों, पूर्व सैनिकों, युवाओं और आम जनमानस ने देशभक्ति के अद्भुत उत्साह के साथ भाग लिया। यह तिरंगा यात्रा प्राचीन शिव मंदिर, टिहरा से आरंभ होकर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टिहरा के मुख्य द्वार तक चली, जिसमें कई फुट लंबा विशाल तिरंगा झंडा लोगों ने हाथों में थाम रखा था। लगभग एक किलोमीटर लंबी इस यात्रा के दौरान "भारत माता की जय", "भारतीय सेना की जय", "वंदे मातरम्" और "पाकिस्तान मुर्दाबाद" जैसे जोशीले नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के भाव से गुंजायमान हो उठा। इस देशभक्ति से ओतप्रोत आयोजन में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी रजत ठाकुर, जिला परिषद सदस्य वंदना गुलेरिया, मंडल अध्यक्ष विनोद, उपाध्यक्ष रविंद्र (बिट्टू), महामंत्री यश पठानिया तथा प्रवक्ता राजीव आर्य और सैंकड़ों पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया । जनसमूह को संबोधित करते हुए रजत ठाकुर ने भारतीय सेना के अदम्य साहस की सराहना की। उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य भारतीय सेना के साहस और बलिदान को सम्मानित करना, युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करना तथा देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूकता फैलाना था। पूर्व सैनिकों और स्कूली बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने इस तिरंगा यात्रा को और भी प्रेरणादायक बना दिया। बच्चों के चेहरों पर देश के प्रति गर्व की झलक और जोश देखने योग्य था। प्रवक्ता राजीव आर्य ने कहा कि यह आयोजन यह दर्शाता है कि टिहरा की जनता न केवल देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों के साथ खड़ी है, बल्कि वह हर कदम पर राष्ट्रहित में एकजुट है।












