राजदीप कौर के भाषण ने समझाया पर्यावरण, इंटैक ने आयोजित करवाई प्रतियोगिताएं
भारतीय सांस्कृतिक निधि इंटैक के मंडी चैप्टर ने विश्व पर्यावरण दिवस पर क्षेत्रीय अस्पताल के नर्सिंग स्कूल के माध्यम से प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्ति विषय पर एक गोष्ठी एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपाली शर्मा ने की। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर दिनेश ठाकुर विशेष अतिथि तथा डॉक्टर अरिंदम राय जिला कार्यक्रम अधिकारी भी शामिल हुए। प्लास्टिक प्रदूषण की समस्या पर विचार के लिए आयोजित इस गोष्ठी में 86 से भी अधिक नर्सिंग छात्राओं ने भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता में नर्सिंग प्रशिक्षुओं ने प्लास्टिक प्रदूषण से उत्पन्न स्थिति और इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इस प्रतियोगिता में पहले स्थान पर राजदीप कौर, दूसरे स्थान पर जाह्नवी तथा तीसरा स्थान अंकिता ने प्राप्त किया। पलक, नीतिका, खुशबू को सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया। दीपाली शर्मा ने विजेताओं को पुरस्कार और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इससे पूर्व समारोह के अध्यक्ष का स्वागत करते हुए भारतीय सांस्कृतिक निधि मंडी के संयोजक नरेश मल्होत्रा ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण पूरे विश्व के अस्तित्व के लिए खतरा है। संबोधित करते हुए मंडी जिला स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश ठाकुर ने सुझाव दिया कि प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने के लिए सबसे पहले इसका इस्तेमाल कम किया जाना चाहिए। मुख्य अतिथियों का धन्यवाद करते हुए इंटैक के सह संयोजक अनिल शर्मा ने कहा कि भारतीय सांस्कृतिक निधि मंडी चैप्टर इस समस्या के प्रभावों के बारे में आम लोगों में संवेदनशीलता जागृत करने के लिए सरकारी संस्थाओं और स्कूलों कॉलेजों के माध्यम से काम करेगी। इस अवसर पर भारतीय सांस्कृतिक निधि मंडी चैप्टर के संयोजक नरेश मल्होत्रा, सह संयोजक अनिल शर्मा, सदस्य नीरज शर्मा, बनीता मल्होत्रा, इंदु शर्मा, सोनिया बहल निशी कपूर, हितेश वैद्य, पुष्पा ठाकुर, राजीव कुमार अजय सहगल, राजीव वैद्य, हरीश कुमार तथा नर्सिंग स्कूल की प्राचार्य उषा रानी, सरिता शर्मा, अंबिका शर्मा, अनुप्रिया, प्रियंका ठाकुर, शैलजा कुमारी भी उपस्थित रही।












