पंडोह पुलिस ने नाके के दौरान पकड़ी 83 पेटी बीयर, जीप सहित चालक पुलिस की गिरफ्त में, चौकी प्रभारी को मिली एक सफलता
पंडोह पुलिस ने शुक्रवार रात कैंची मोड़ के पास लगाए नाके के दौरान एक जीप से 83 पेटी बीयर की बरामद की है। यह रूटीन नाका चौकी प्रभारी अनिल कटोच के नेतृत्व में पंडोह डैम के कैंची मोड पर लगाया गया था। जैसे ही जीप नंबर एचपी 65 ए 1088 नशे चालक की नजर नाके पर तैनात पुलिस पर पड़ी तो उसने मौका से जीप शिवा सड़क लिंक पर मोड़ कर पुलिस को चकमा देने का प्रयास किया। उसे लगा कि उसने पुलिस को चकमा दे दिया है, जबकि पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से जीप को शिवा सड़क पर भागने दिया, ताकि आसानी से पकड़ा जा सके। हुआ भी ऐसा ही, चुस्त पुलिस जवानों ने जीप का पीछा किया और थोड़ी दूरी पर धर दबोचा। जीप की तलाशी में 83 पेटी बीयर की बरामद की गई। बीयर की यह खेप पंजाब से लाई गई थी और इस पर पंजाब सरकार की मोहर भी लगी है। पकड़ा गया जीप चालक अभिषेक पुत्र सुभाष चंद निवासी गांव नेरन तहसील कोटली का रहने वाला है। एएसपी मंडी सागर चंद्र ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जा रही है। बीयर की यह खेप कहां ले जाई जा रही थी इसकी भी जांच पड़ताल की जा रही है। बता दें कि पंडोह चौकी प्रभारी एसआई अनिल कटोच लगातार चोरी, भांग और हत्या जैसे मामलों में आरोपियों को पकड़ने में कामयाब हो रहे हैं। यह भी बड़ा मामला है जिसमें आरोपी भागने में कामयाब तो हुए, मगर अनिल कटोच की गिरफ्त से नहीं बच सके।












