धर्मपुर दौरे में राहत देने में विफल रहे सांसद अनुराग ठाकुर : विकास राही
मंडी जिला युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष विकास राही ने धर्मपुर क्षेत्र में हाल ही में आई आपदा को लेकर सांसद अनुराग ठाकुर के दौरे पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सांसद महोदय का यह दौरा केवल औपचारिकता तक सीमित रहा और वह एक भी आपदा प्रभावित परिवार को एक रुपए की राहत भी उपलब्ध नहीं करवा सके। विकास राही ने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र में भारी तबाही के बाद सांसद अनुराग ठाकुर का यह दौरा पूरी तरह से निराशाजनक रहा। न तो उन्होंने किसी प्रभावित परिवार की मदद की और न ही कोई ठोस राहत योजना की घोषणा की। विकास राही ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जी ने धर्मपुर क्षेत्र में आपदा प्रभावित परिवारों के लिए ₹7 लाख प्रति परिवार की राहत राशि और जब तक घर नहीं बनते तब तक ₹5000 प्रतिमाह किराया सहायता देने की घोषणा की है, जो कि एक संवेदनशील और जमीन से जुड़े निर्णय का परिचायक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राहत के लिए स्पष्ट और जिम्मेदार निर्णय ले रहे हैं, वहीं सांसद अनुराग ठाकुर सिर्फ़ दौरे तक सीमित रह गए हैं। यह विडंबना है कि जिनके पास केंद्र में पहुंच और संसाधन हैं, वे एक भी परिवार की सहायता सुनिश्चित नहीं कर सके विकास राही ने यह भी कहा कि वर्ष 2023 में आई आपदा के दौरान भी अनुराग ठाकुर द्वारा की गई घोषणाएं धरातल पर नहीं उतर सकीं और धर्मपुर की जनता आज भी उन अधूरे वादों की गवाह है।












