"माये तू दर्श दिखा जावीं" भजन रिलीज : नन्ही आशवी बनी माता रानी, गायक अक्षित शर्मा की मधुर आवाज में समर्पण
माता चिंतापूर्णी जी के पावन नवरात्रों के उपलक्ष में एक भावपूर्ण भजन "माये तू दर्श दिखा जावीं" रिलीज कर दिया गया है। इस भजन को ऊना के उभरते युवा गायक अक्षित शर्मा ने अपने यूट्यूब चैनल "सिंगर अक्षित शर्मा" पर प्रस्तुत किया है। इस भक्ति गीत की खास बात यह है कि इसमें जोगिंद्रनगर की मात्र 5 वर्षीय बाल कलाकार आशवी ने माता रानी के स्वरूप को जीवंत किया है। मासूम चेहरे और सजीव अदाकारी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है। भजन को अक्षित शर्मा ने अपनी भावनात्मक और मधुर आवाज में गाया है। संगीत राहुल जालंधरी ने दिया है, जबकि बोल रजत मीधा द्वारा लिखे गए हैं। इस पूरे वीडियो का निर्देशन साहिल शर्मा ने किया है, जो अपने सशक्त निर्देशन के लिए जाने जाते हैं। अक्षित शर्मा ने बताया कि इस मुकाम तक पहुंचने में उनके गुरु पंजाब के प्रसिद्ध भजन गायक मणि लाडला जी का मार्गदर्शन और आशीर्वाद उन्हें निरंतर मिलता रहा है। यह भजन यूट्यूब पर भक्तों से खूब सराहना बटोर रहा है और माता रानी की भक्ति में डूबे श्रद्धालु इसे भावपूर्ण अर्पण मानकर सुन रहे हैं।












