सराज के आपदा प्रभावित परिवारों को मानव सेवा परिवार ने बांटी राहत सामग्री
सराज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन से जनजीवन पूरी तरह चरमरा गया है। बाजार तबाह हो चुके हैं, कई लोग बेघर हो गए हैं और दूरदराज के गांवों में अब भी राहत नहीं पहुंच पाई है। ऐसे संकट की घड़ी में जहां प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है, वहीं समाज के संवेदनशील लोग और संगठन भी आगे आकर पीड़ितों की मदद कर रहे हैं। इन्हीं में से एक है बलद्वाड़ा क्षेत्र से मानव सेवा परिवार जिसने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। इस समिति ने लोगों के सहयोग से महज दो–तीन दिन में चार लाख रुपए से अधिक की राहत सामग्री जुटाकर सराज विधानसभा क्षेत्र के बगस्याड, थुनाग, लम्बाथाच, पांडवशिला, बलाहर, लेह गला, पादरू मोड़ के आपदा प्रभावित पीड़ित परिवारों को रसोई का सामान, कुकर, तिरपाल और खाने का सामान आटा, चावल, तेल और गर्म कपड़े, जूते, चप्पल और दवाइयों सहित जरुरी सामान आपदा प्रभावित क्षेत्र में जाकर बांटा। युवा सेवादार बोध राज, विनोद कुमार, राजीव चंदेल, राज वर्मा, मनदीप शर्मा, मधुमोहन ठाकुर, विपिन ठाकुर, हंस राज, संजय गरला, विनोद कुमार, नवीन शर्मा, विनय शर्मा, मनोज शर्मा, राज वर्मा, अर्जुन ठाकुर, दीपक, विपन ठाकुर ने आपदा ग्रस्त स्थानों पर राहत सामग्री बांटी।












