आरंग गांव में बाढ़ से भारी तबाही, भाजपा पदाधिकारी ने जताई चिंता
द्रंग विधानसभा क्षेत्र की चौहार घाटी की ग्राम पंचायत सनवाड़ में अचानक आई बाढ़ से आरंग गांव में भारी तबाही मची है। यहां कई घर, दुकानें, गौशालाएं, पशु, गाड़ियां, बाइक, स्कूटी और उपजाऊ जमीन बह गई है। इस आपदा पर भाजपा के मीडिया प्रभारी और सनवाड़ पंचायत के पूर्व उपप्रधान जगदीश कुमार ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने मांग की है कि प्रभावित परिवारों को हिमाचल सरकार जल्द से जल्द सहायता राशि प्रदान करे और जिन सड़कों व पैदल पुलों को नुकसान पहुंचा है, उनके पुनर्निर्माण हेतु भी धन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि उपजाऊ जमीन के नुकसान से पशुओं के चारे की समस्या खड़ी हो गई है, इसलिए इसका भी शीघ्र समाधान होना चाहिए। जगदीश कुमार ने बताया कि स्वतंत्रता के बाद सनवाड़ पंचायत में यह पहली इतनी बड़ी त्रासदी है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं भी दिन-रात प्रभावित परिवारों की मदद में लगे हुए हैं और आगे भी हर संभव सहायता करते रहेंगे।












