जाछ को 1.73 करोड़ की उप-सब्जी मंडी की सौगात, कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने किया लोकार्पण
कृषि एवं पशुपालन मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने वीरवार को नाचन विधानसभा क्षेत्र की दूरदराज ग्राम पंचायत जाछ में लगभग 1.73 करोड़ रुपए से निर्मित उप-सब्जी मंडी जाछ का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस सब्जी मंडी में 8 दुकानें, एक निलामी मंच के अतिरिक्त किसान विश्राम गृह के लिए दो कक्ष, सरायं, कैंटीन, कर्मचारी आवास इत्यादि की सुविधा प्रदान की गई है। सब्जी मंडी से नाचन व करसोग विधानसभा क्षेत्र की नौ ग्राम पंचायतों जाछ, झुंगी, घरोट, कटाची, चरखड़ी, परेसी, मशोगल, बाढू व बही-सरही के हजारों किसानबा गवानों को घर-द्वार के समीप विपणन की सुविधा उपलब्ध हुई है। इससे उन्हें कृष उपज के उचित मूल्य प्राप्त होंगे और भाड़े के रूप में बाहर की मंडियों में अपनी उपज बिक्री पर होने वाले व्यय से भी छुटकारा मिलेगा। कृषि मंत्री ने कहा कि देश में हरित क्रांति के माध्यम से पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अन्न उत्पादन में भारत को आत्मनिर्भर बनाया। इस अवसर पर करसोग से पूर्व प्रत्याशी महेश राज, सराज से कांग्रेस नेता जगदीश रेड्डी, नाचन से ब्रह्म दास चौहान, पूर्व जिला उपाध्यक्ष दलीप कुमार, पूर्व जोन अध्यक्ष नेत्र सिंह, युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम सिंह, जिला परिषद सदस्य हुकम सिंह ठाकुर, पंचायत समिति अध्यक्षा कल्पना ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक राहुल कटोच सहित संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।
उप-सब्जी मंडी में होगा अतिरिक्त कमरों का निर्माण
इस अवसर पर नवनिर्मित उप-सब्जी मंडी में विश्राम गृह के लिए अतिरिक्त कमरे निर्मित करने की घोषणा की। इससे पहले कृषि मंत्री ने इस सब्जी मंडी के लिए भूमि दान करने पर स्थानीय निवासी रामकी देवी एवं उनके पुत्र चमन लाल को स्मानित भी किया। विधायक विनोद कुमार ने कृषि मंत्री का इस लोकार्पण के लिए आभार व्यक्त किया।
किसानों-बागवानों को दी जा रही सुविधाएं बताईं
एपीएमसी मंडी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया ने कृषि मंत्री का स्वागत किया और मंडी जिला में एपीएमसी के माध्यम से किसान-बागवानों को प्रदान की जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि गत दो वर्षों में मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई सराहनीय प्रयास हुए हैं।












