अधरंग से पीड़ित पवन कुमार को दी 15,000 रुपये की आर्थिक सहायता
सर्वोदय जन कल्याण समिति चोलथरा ने समाजसेवा के अपने संकल्प को निभाते हुए ग्राम पंचायत पपलोग के कंडयोल गांव निवासी अधरंग पीड़ित पवन कुमार को ₹15,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की। पूर्व में पवन कुमार सरकाघाट में बिजली की दुकान चलाते थे, लेकिन करीब तीन वर्ष पहले अधरंग के चलते वे पूर्णतः असमर्थ हो गए। उनकी दुकान बंद हो गई और परिवार की आजीविका का बोझ अब उनके पुत्र पर है, जो जलशक्ति विभाग में आउटसोर्स कर्मचारी है। परिवार लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। इस परिस्थिति को देखते हुए समिति ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए यह सहयोग राशि प्रदान की। सहायता प्रदान करते समय समिति के प्रधान परजीत ठाकुर, महामंत्री कैप्टन ओमकार सिंह, कोषाध्यक्ष सतीश ठाकुर, मुख्य संयोजक राजीव आर्य, सेवा निवृत्त प्राचार्य जगदीश चंद, राकेश बन्याल व वेद प्रकाश भी उपस्थित रहे। प्रधान परजीत ठाकुर ने बताया कि समिति का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों की मदद और लोककल्याण है, और ऐसे प्रयास भविष्य में भी जारी रहेंगे।












