कैंसिल हो नौणी विश्वविद्यालय के कुलपति का अवधि विस्तार, युवा कांग्रेस ने ज्ञापन सौंप की मांग
सदर विधानसभा युवा कांग्रेस ने नौणी विश्वविद्यालय के कुलपति को अवैध रूप से दिए गए अवधि विस्तार के खिलाफ युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष हमित जंवाल की अध्यक्षता में एसडीएम रुपिंदर कौर के समक्ष ज्ञापन सौंपा। यह विस्तार उच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना है, जिसे हम किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेंगे। शैक्षणिक संस्थानों में अवैध नियुक्तियां और सत्ता के संरक्षण में हो रहा शिक्षा का भगवाकरण लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है। राज्यपाल को अपने संवैधानिक पद की गरिमा का सम्मान करते हुए निष्पक्ष निर्णय लेना चाहिए, न कि पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाना। हम स्पष्ट करते हैं कि यदि कुलपति का यह अवैध विस्तार तुरंत रद्द नहीं किया गया, तो युवा कांग्रेस प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन छेड़ेगी। यह केवल किसी एक विश्वविद्यालय का मामला नहीं, बल्कि हिमाचल की शिक्षा प्रणाली की साख का प्रश्न है। मंडी सदर ब्लॉक अध्यक्ष हितेश, मंडी नगर निगम अध्यक्ष किशोरी ठाकुर, एनएसयूआई मंडी कैंप अध्यक्ष नामित, प्रतीक, शिवम वह युवा कांग्रेस के सभी सदस्य मौजूद रहे।












