हड़सर गुलेला में दस दिन से पेयजल संकट, ग्रामीण गंदा पानी पीने को मजबूर
उपमंडल सरकाघाट की ग्राम पंचायत पटड़ीघाट के हड़सर गुलेला गांव में पिछले दस दिनों से नलों में पानी नहीं आ रहा है। गांव में लगे नल केवल शोपीस बनकर रह गए हैं। स्थानीय लोगों में पूर्व वार्ड पंच अशोक कुमार, कृष्ण चंद, दूनी चंद, दिले राम, चंद्र मनी, कर्म सिंह, अरुण कुमार, हेत राम, कर्म चंद, गुलशन कुमार, खेम चंद सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि उठाऊ पेयजल योजना हड़सर गुलेला की मोटर पिछले दस दिनों से खराब पड़ी है, लेकिन जल शक्ति विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। ग्रामीणों ने बताया कि वे मजबूरी में इन दिनों बारिश का गंदा पानी पी रहे हैं। उन्होंने जल शक्ति विभाग से शीघ्र मोटर दुरुस्त कर पर्याप्त व स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाने की मांग की है। इस बारे में सहायक अभियंता बलद्वाड़ा दीपक वर्मा से बात करने पर उन्होंने बताया कि हड़सर गुलेला गांव के लिए नई मोटर आ गई है। मौसम खराब होने के कारण इसे नहीं लगा पा रहे हैं, जैसे ही मौसम ठीक होता है, तो नई मोटर को लगा कर लोगों को पर्याप्त पानी की सप्लाई दी जाएगी।












