देवताओं की शोभायात्रा के साथ जिला स्तरीय बालीचौकी मेले का हुआ शुभारंभ
महादेव चुंजवाला और महर्षि मार्कण्डेय की भव्य शोभायात्रा के साथ शुक्रवार को 5 दिनों तक चलने वाले जिला स्तरीय बालीचौकी मेले का शुभारम्भ हुआ। इस दौरान जब मेला मैदान मे दोनों देवताओं का आगमन हुआ तो स्थानीय प्रशासन और मेला कमेटी के सदस्यों ने दोनों देव रथों की परंपरागत तरीके से पूजा अर्चना की। इस अवसर पर मेला मैदान में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। दोनों देव रथों को शारश गांव से वाद्य यंत्रों के साथ मेला स्थल पर पहुंचाया गया। इस अवसर पर लगभग एक किलोमीटर तक भव्य शोभायात्रा का भी आयोजन किया गया जिसमें भारी संख्या में देऊलूओ ने भाग लिया और अपने परम्परागत नृत्य का भी प्रदर्शन किया। मेला स्थल पर मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं स्थानीय पंचायत के प्रधान दिले राम ठाकुर ने दोनों देवताओं को भेंट चढ़ाई। इस दौरान देव कारदारों एवं अन्य देव प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। स्थानीय प्रशासन की ओर से तहसीलदार निधि सकलानी ने दोनों देवताओं की अगवानी की ओर शोभायात्रा में भाग लिया। इसके अलावा विकास खंड अधिकारी बालीचौकी बवनेश चड्ढा, नायब तहसीलदार सुरेश कुमार, प्रधानाचार्य युद्धवीर सिंह ठाकुर, पंचायत सदस्य संजीव शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष यशवंत शर्मा और उपप्रधान प्रदीप शर्मा, बबलू भी उपस्थित रहे। शनिवार को प्रदेश निजी शिक्षण संस्थान विनियामक आयोग के सदस्य विजयपाल सिंह मेले का आधिकारिक शुभारम्भ करेंगे। मेले का समापन 27 मई को स्थानीय विधायक,नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करेंगे। मेले में इस बार भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है जिसमें प्रदेश के जाने माने लोक कलाकार भाग लेंगे।












