धर्म संघ स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया, भूतनाथ मंदिर परिसर में हवन-यज्ञ, आम सभा और ब्रह्मभोज का आयोजन
श्रावण मास प्रतिपदा को श्री भूतनाथ मंदिर परिसर में धर्म संघ का स्थापना दिवस बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर धर्म संघ के अनेक सदस्यगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य यजमान भीम चंद सरोच और उमा सरोच द्वारा भगवान गणपति जी की स्थापना से हुई। इसके पश्चात बाबा भूतनाथ जी की पूजा-अर्चना संपन्न की गई। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में हवन-यज्ञ एवं पाठ का आयोजन शामिल था, जिसमें नगर के प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा, एसवीएम अध्यक्ष बलबीर शर्मा, सर्व देवता समिति के अध्यक्ष श्री शिवपाल शर्मा, जिला पेंशनर्स वैलफेयर संस्था के अध्यक् हरीश शर्मा, वरिष्ठ नागरिक सभा के जिला अध्यक्ष रणपत राणा सहित अन्य अतिथि पूर्णाहुति में सम्मिलित हुए। इसके बाद डॉ. ओम राज शर्मा ने आम सभा की कार्यवाही आरंभ की। उन्होंने सभी अतिथियों व सदस्यों का स्वागत करते हुए धर्म संघ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से अवगत कराया। तत्पश्चात श्री हरीश वैद्य ने पिछले तीन वर्षों में धर्म संघ द्वारा संचालित गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। धर्म संघ के अध्यक्ष भीम चंद सरोच ने इस अवसर पर सभी सदस्यों का धन्यवाद किया। उन्होंने विशेष रूप से कार्यकारिणी सदस्यों—ज्ञान चंद सैनी, मुरारी लाल शर्मा, आर. के. शर्मा, प्रकाश कश्यप, नरेश धीमान, प्रकाश धीमान, गीतांजलि शर्मा, भगवान सिंह, उत्तम सैनी और खेम राज गुप्ता के कठिन परिश्रम की सराहना की। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण एवं ब्रह्मभोज के साथ हुआ। समारोह में भक्ति, संगठन और सेवा का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।












