सरस्वती विद्या मंदिर मंडी में लगाया दंत चिकित्सा जांच शिविर, पत्रकार हेमकांत की दूसरी पुण्यतिथि पर जांचे 400 बच्चों के दांत
वैटरन जर्नलिस्ट व वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय हेमकांत कात्यायन की दूसरी पुण्यतिथि पर आयोजित दंत चिकित्सा जांच कैंप में 400 बच्चों का चेकअप किया गया। सरस्वती विद्या मंदिर महाजन बाजार में आयोजित इस कैंप में बच्चों के दांतों को जांचा गया। उन्हें यह भी बताया गया कि दांतों की देखभाल कैसे करें। प्रेस क्लब मंडी के संस्थापक अध्यक्ष, स्कूल प्रबंध समिति के पूर्व सचिव, वैटरन जर्नलिस्ट व वरिष्ठ पत्रकार हेमकांत कात्यायन की दूसरी पुण्यतिथि के अवसर पर हेमकांत कात्यायन मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से इस दंत चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सा अधिकारी डॉ.महेंद्र सिंह व दंत चिकित्सक डॉ.श्वेता वर्मा के द्वारा छात्रों के दांतों की जांच की गई। उन्होंने दांतों में होने वाली बीमारियों, समय पर उनके इलाज और दांतों की सही देखभाल के बारे में जानकारी दी। डॉ श्वेता वर्मा ने 25 मिनेट की एक प्रजेंटेशन भी देकर दांतों की देखभाल को लेकर विस्तार से समझाया। स्कूल प्रबंधन समिति की सचिव निर्मला कात्यायन ने शिविर के सफल आयोजन के लिए चिकित्सकों की टीम का एवं ट्रस्ट के सभी सदस्यों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर जिला लोक संपर्क अधिकारी हेमंत शर्मा, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बलबीर कुमार शर्मा, हिमाचल गौरव पुरस्कार से सम्मानित बीरबल शर्मा, स्कूल की प्रबंध समिति की कोषाध्यक्ष स्नेह लता चोपड़ा, सदस्य आशुतोष पाल चोपड़ा, स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. उमेश मंडयाल, प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष, ट्रस्ट के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार मुरारी शर्मा, ट्रस्ट के सदस्य पुरुषोत्तम शर्मा, भगत सिंह गुलेरिया व धर्म चंद वर्मा सहित समस्त शिक्षक वर्ग एवं छात्र मौजूद रहे।












