बाबा बालकरूपी मंदिर में विकास कार्यों की उठी मांग
जोगिंद्रनगर उपमंडल के बालकरूपी मंदिर से जुड़े स्थानीय लोगों का एक शिष्टमंडल बुधवार को उपमंडलाधिकारी (ना.) एवं अध्यक्ष, बाबा बालकरूपी मंदिर ट्रस्ट, जोगिंद्रनगर से मिला। शिष्टमंडल ने मंदिर में दर्शनों को आने वाले श्रद्धालुओं को हो रही समस्याओं से अवगत करवाते हुए विभिन्न विकासात्मक कार्यों की मांग की। लोगों ने ज्ञापन में कहा कि मंदिर का दूसरा दान पात्र मुख्य द्वार पर लगा होने के कारण श्रद्धालुओं को प्रवेश में कठिनाई होती है, जिसे द्वार से हटाकर उचित स्थान पर स्थापित करने की आवश्यकता है। इसके साथ ही मंदिर में स्थित बाबा जी के धूने के लिए लकड़ियों की व्यवस्था, बरामदे और कमरों की टपकती छतों पर शीट डलवाने, तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए फिसलन भरे मार्बल को हटाकर खुरदुरी टाइलें लगाने की मांग भी रखी गई। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मेले एवं त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं को बैठने के लिए अतिरिक्त शेड की व्यवस्था होनी चाहिए। मंदिर के प्रवेश द्वार से लेकर रसोईघर व पार्क तक बने खुले बरामदे पर छत डालने और सूचना पट्ट लगवाकर आरती एवं मंदिर खुलने-बंद होने का समय स्पष्ट करने का भी आग्रह किया गया।श्रद्धालुओं ने बताया कि मंदिर में चढ़ाए गए अनाज को समय पर नीलाम न करने से वह भंडार में ही खराब हो गया है। उन्होंने आग्रह किया कि इस अनाज को दान अथवा नीलामी के माध्यम से उपयोग में लाया जाए।
स्थानीय लोगों ने विश्वास जताया कि एसडीएम की अध्यक्षता में मंदिर की भव्यता और श्रद्धालुओं की आस्था बनी रहेगी तथा शीघ्र ही आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।












