राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड की कार्यप्रणाली से सीटू नाखुश 9 सितंबर को हमीरपुर में होगा विशाल प्रदर्शन - भूपेंद्र
सीटू से संबंधित मनरेगा एवं निर्माण मज़दूर यूनियन ने राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए 9 सितंबर को हमीरपुर स्थित बोर्ड कार्यालय पर विशाल प्रदर्शन की घोषणा की है। यूनियन के राज्य उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, ज़िला सचिव सोहन सिंह, खंड अध्यक्ष करतार सिंह चौहान और सचिव प्रकाश वर्मा ने बताया कि पिछले चार वर्षों से सवा लाख से अधिक मज़दूरों की ₹500 करोड़ की सहायता राशि लंबित है। प्रदर्शन के लिए पंचायत व वार्ड स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। अब तक घरवासड़ा, डरवाड़, सधोट, चोलथरा, गरयोह, कोट, जोढन में बैठकें हो चुकी हैं और वार्ड स्तरीय कमेटियां गठित की गई हैं। अगले सप्ताह टिहरा, तनियार, गरौडू, भदेहड़, पिपली-भराड़ी, लौंगनी, सरी, ब्रांग, स्योह, सिद्धपुर, संधोल आदि क्षेत्रों में बैठकें तय हैं। भूपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि बोर्ड अधिकारी सहायता प्रदान करने की बजाय अड़चनें डाल रहे हैं। हमीरपुर में कुछ फर्जी पंजीकरणों को मुद्दा बनाकर सभी मजदूरों को बदनाम किया जा रहा है, जबकि पंजीकरण लेबर ऑफिसरों द्वारा किए गए थे। इसके विपरीत बोर्ड अध्यक्ष बिना बैठक में चर्चा किए ही एफआईआर की बातें मीडिया में कर रहे हैं, जिससे बोर्ड की छवि खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र में 90 प्रतिशत मनरेगा मजदूर बोर्ड में पंजीकृत हैं, जिन्हें सहायता नहीं मिल रही। मंडी ज़िले में जमा हुए 10,000 आवेदन बार-बार लौटाए जा रहे हैं। छात्रवृत्ति, शादी, मेडिकल आदि के लिए अव्यवहारिक शर्तें लगा दी गई हैं। यूनियन ने कई बार ज्ञापन सौंपे लेकिन सुनवाई न होने पर अब प्रदर्शन का रास्ता चुना है।












