आपातकाल के 50 वर्ष पर भाजपा की पहल: वृक्षारोपण, प्रदर्शनी और मॉक पार्लियामेंट के जरिये लोकतंत्र सेनानियों को किया सम्मानित, युवाओं को किया जागरूक
आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा मंडी में विभिन्न जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर भाजपा मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक व नैना देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा ने भियुली में वृक्षारोपण किया। उनके साथ नाचन के विधायक विनोद कुमार, विधायक इंद्र सिंह गांधी, भाजपा जिला अध्यक्ष निहालचंद शर्मा और अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। वृक्षारोपण के बाद भियुली में आपातकाल की घटनाओं पर आधारित एक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें 1975 में लगाए गए आपातकाल के दौरान लोकतंत्र को कैसे कुचला गया, उसके चित्र प्रदर्शित किए गए। कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा मॉक पार्लियामेंट (काल्पनिक संसद) का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया और उसके महत्व को समझाने का प्रयास किया गया।रणधीर शर्मा ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को देश के अतीत और वर्तमान की सच्चाई से अवगत कराना आवश्यक है, ताकि वे जागरूक नागरिक बन सकें। इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानियों बलवीर शर्मा और सुरेंद्र पाल को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी की।












