गलू में पुलिस को बड़ी कामयाबी, दो युवक 3.29 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार
पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को चिट्टे सहित गिरफ्तार किया है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट की टीम ने एएसआई संजीव कुमार की अगुवाई में मंगलवार देर शाम नेशनल हाईवे-154 पर गलू में नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान मंडी की ओर से आ रही एक बाइक को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान बाइक की सीट के नीचे से 3.29 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इकबाल खान (23), निवासी गांव बीरू, तहसील लडभड़ोल और साहिल (27), निवासी गांव मझवाड़, तहसील जोगिंद्र नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ सकीनी कपूर ने कहा कि क्षेत्र में नशे के सौदागरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जोगिंद्र नगर पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है और यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।












