बल्ह की शकुंतला कश्यप बिहार चुनाव में करेंगी प्रचार
. अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने अररिया जिले के लिए बनाया ऑब्जर्वर
बल्ह विधानसभा क्षेत्र की महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष शकुंतला कश्यप को बिहार के अररिया ज़िले में विधानसभा चुनावों के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। यह घोषणा हाल ही में दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान हुई, जिसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा ने की। कार्यक्रम में देशभर से आई महिला प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा, संगठनात्मक भागीदारी व राजनीति में महिलाओं की भूमिका पर चर्चा की गई। अलका लांबा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा महिलाओं को नेतृत्व के अवसर देती रही है और उन्हें संगठित कर आगे बढ़ाने में विश्वास रखती है। शकुंतला कश्यप को इससे पहले भी उत्तर प्रदेश के बढ़ापुर और नगीना, हरियाणा के थानेसर और जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में पार्टी का पर्यवेक्षक नियुक्त किया जा चुका है। पार्टी में उनकी सक्रियता और कार्यक्षमता को देखते हुए उन्हें एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। अब वे बिहार के अररिया जिले में चुनावी गतिविधियों का निरीक्षण करेंगी और संगठन को मजबूत करने में योगदान देंगी।












