हिमाचल के 4 जिलों में आज आंधी-तूफान का यलो अलर्ट, ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात का अनुमान
हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री सामान्य समय से देर से होने के संकेत मिल रहे हैं। आमतौर पर प्रदेश में मानसून 25 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार अगले करीब एक सप्ताह तक प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तो जारी रहेंगी, मगर मानसून जैसी व्यापक और लगातार बारिश की संभावना नहीं है।
प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा और बादलों के बीच धूप खिलने का दौर जारी रहेगा। रविवार को राजधानी शिमला में दोपहर बाद लगभग 15 मिनट तक 3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बारिश के दौरान धूप भी बनी रही और कुछ ही देर बाद मौसम पूरी तरह साफ हो गया। प्रदेश के अधिकांश अन्य क्षेत्रों में दिनभर धूप खिली रही, जबकि कुछ स्थानों पर हल्के बादल छाए रहे।
तीन दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, चार जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों के दौरान प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्के हिमपात और निचले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना जताई है। सोमवार को चंबा, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
जून में सामान्य से 20 फीसदी कम बारिश
प्रदेश में जून माह के दौरान अब तक 48.1 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से लगभग 20 प्रतिशत कम है। किन्नौर, मंडी और सोलन को छोड़कर अधिकांश जिलों में सामान्य से 16 से 65 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। इससे किसानों और बागवानों की चिंता भी बढ़ने लगी है।
शिमला से ठंडा रहा धर्मशाला
प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शिमला का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि धर्मशाला का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शिमला से भी कम रहा।
बिलासपुर में न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं मनाली में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री बढ़ा है। अन्य क्षेत्रों में भी एक से दो डिग्री तक का अंतर देखने को मिला।
छह स्थानों पर पारा 35 डिग्री के पार
प्रदेश के कई मैदानी इलाकों में गर्मी का असर बरकरार है। छह स्थानों पर अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
सबसे अधिक तापमान वाले क्षेत्र:
🌡️ बिलासपुर – 38.0°C
🌡️ ऊना – 37.6°C
🌡️ नेरी – 36.8°C
🌡️ बरठीं – 35.8°C
🌡️ सुंदरनगर – 35.7°C
🌡️ कांगड़ा – 35.6°C
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेशवासियों को मानसून के लिए कुछ और दिनों का इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि प्री-मानसून गतिविधियों के चलते कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर बना रहेगा।






