सरकाघाट में मजदूरों का फूटा गुस्सा: महीनों से सैलरी बकाया, SDM से लगाई न्याय की गुहार
अनंत ज्ञान, सरकाघाट।
सरकाघाट उपमंडल में एक निजी निर्माण कंपनी के खिलाफ मजदूरों का आक्रोश सामने आया है। चंबा जिला के विभिन्न क्षेत्रों से आए आठ मजदूरों ने कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उपमंडलीय अधिकारी (SDM) सरकाघाट को शिकायत सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
मजदूरों ने बताया कि वे एनएच सूर्या इंफ्रा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड में ड्राइवर और मशीन ऑपरेटर के तौर पर कार्यरत हैं। कंपनी द्वारा सरकाघाट से रखोह-अबाहदेवी मार्ग पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जहां वे पिछले 4 से 5 महीनों से काम कर रहे हैं। बावजूद इसके, उनकी 2 से 3 महीने की सैलरी अब तक नहीं दी गई है।
मजदूरों का आरोप है कि जब उन्होंने अपना मेहनताना मांगा, तो कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर और अन्य कर्मचारियों ने भुगतान करने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उन्हें किराए के कमरों से भी बाहर निकाल दिया गया और अब उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है।
मजदूरों ने बताया कि उनके पास अब खाने और रहने तक के लिए पैसे नहीं बचे हैं, जिससे उनकी स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों को तलब कर उनकी बकाया सैलरी दिलवाई जाए और हाजिरी रजिस्टर की जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।
मजदूरों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील की है, ताकि उन्हें उनका हक मिल सके और भविष्य में किसी भी श्रमिक के साथ इस तरह का अन्याय न हो।
शिकायत करने वालों में दिदार मोहम्मद, रहमत अली, समसुद्दीन, शुकरदीन, मोईन, देवेंद्र और धर्मेंद्र पुष्पबट सहित अन्य मजदूर शामिल रहे।












